मथुरा में गोकुल बैराज के पास सब-इंस्पेक्टर ने की खुदकुशी, सर्विस पिस्टल से मारी गोली
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मथुरा दौरे के बीच जिला पुलिस महकमे में एक दर्दनाक घटना से हड़कंप मच गया। थाना सदर क्षेत्र अंतर्गत गोकुल बैराज के पास सब-इंस्पेक्टर पंकज कुमार का शव मिला है। शुरुआती जांच में दरोगा द्वारा खुद को सर्विस पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार के मुताबिक, मृतक सब-इंस्पेक्टर को घटना वाले दिन ही नई सर्विस पिस्तौल जारी की गई थी, जिससे उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
घटना स्थल पर मृतक दरोगा की पत्नी, जो स्वयं भी मथुरा में कांस्टेबल पद पर तैनात हैं, तत्काल पहुंचीं। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सब-इंस्पेक्टर ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
Janadhikar Media – janadhikarmedia.com Online News Portal




