राना की कर्मभूमि पर जनसेवा का संकल्प, स्वास्थ्य मेले में उमड़ा जनसैलाब
1857 के वीर शिरोमणि राना बेनी माधव सिंह की वीरगाथा को किया नमन
राना के त्याग और जनसेवा के आदर्शों को आगे बढ़ा रही स्मारक समिति
जगतपुर, रायबरेली। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के वीर शिरोमणि राना बेनी माधव सिंह की कर्मभूमि शंकरपुर शनिवार को एक बार फिर जनसेवा की मिसाल बनी। अमर सेनानी की स्मृतियों को नमन करते हुए उनके त्याग, संघर्ष, राष्ट्रप्रेम और जनसेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ आयोजित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य मेले में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर में 2000 से अधिक लोगों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, विभिन्न जांचों और दवाओं का लाभ उठाया।
राना बेनी माधव सिंह स्मारक समिति, रायबरेली द्वारा आईएमए रायबरेली, बैसवारा सेवा संस्थान एवं एनटीपीसी ऊंचाहार के सहयोग से आयोजित स्वास्थ्य मेले में रायबरेली सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। गौरा, रोहनिया, ऊंचाहार सहित दूर-दराज के इलाकों से आए लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर में लगभग 70 लोगों की लीवर संबंधी जांच की गई, जबकि हजारों लोगों की विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। मरीजों को आवश्यक दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श भी निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।
1857 के रणबांकुरे की वीरता आज भी देती है प्रेरणा
राना बेनी माधव सिंह का नाम 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के उन महान सेनानियों में लिया जाता है, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के सामने झुकने के बजाय मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष का रास्ता चुना। अवध की धरती पर अंग्रेजी सत्ता के विरुद्ध उन्होंने अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया। उनका जीवन राष्ट्रप्रेम, स्वाभिमान, त्याग, संघर्ष और जनहित की प्रेरक गाथा है।
शंकरपुर की धरती उनकी वीरता और संघर्ष की स्मृतियों को आज भी अपने भीतर संजोए हुए है। यही कारण है कि उनकी कर्मभूमि पर आयोजित जनकल्याणकारी कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को वर्तमान पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बन रहे हैं।
राना ने जीवन राष्ट्र और समाज को समर्पित किया, समिति उसी राह पर
राना बेनी माधव सिंह स्मारक समिति का उद्देश्य केवल महान सेनानी की स्मृतियों को संजोना नहीं, बल्कि उनके दिखाए रास्ते पर चलकर समाज और जरूरतमंदों की सेवा करना भी है। स्वास्थ्य मेले ने इस संकल्प को धरातल पर साकार किया। समिति द्वारा लगातार जनहित के कार्यक्रमों के माध्यम से राना की सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मेले में सतगुरु सेवा संस्थान, चित्रकूट के सहयोग से करीब 1000 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। चश्मा प्राप्त करने वाले लोगों के चेहरों पर दिखाई दी खुशी आयोजन की सार्थकता को बयां कर रही थी।
राकेश सिंह राना के प्रयासों की क्षेत्र में सराहना
आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ राकेश सिंह राना के निरंतर प्रयासों की क्षेत्रवासियों ने विशेष रूप से सराहना की। लोगों ने कहा कि पिछले कई वर्षों से राना बेनी माधव सिंह की स्मृति और उनके जनसेवा के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्य किए जा रहे हैं।
राकेश सिंह राना ने कहा कि राना बेनी माधव सिंह ने अपने जीवन में राष्ट्रहित, त्याग और जनसेवा को सर्वोच्च स्थान दिया। उनकी कर्मभूमि पर जरूरतमंदों की सेवा करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। समिति का प्रयास है कि राना की वीरगाथा और उनके आदर्श केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित न रहें, बल्कि नई पीढ़ी उनसे प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को समझे। आने वाले समय में भी समिति राना के नक्शे-कदम पर चलते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जनकल्याणकारी क्षेत्रों में सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएगी।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
शिविर में डॉ. निखिल सिंह चौहान, डॉ. अविनाश द्विवेदी, डॉ. हरजीत मोगा, सी.बी. सिंह, डॉ. एस.एम. सिंह, डॉ. गीता शर्मा, डॉ. ओमिका सिंह चौहान, डॉ. पूजा त्रिवेदी, डॉ. गीता कुमार, डॉ. सुनीत रस्तोगी, डॉ. आकांक्षा सिंह, डॉ. समीक्षा मिश्र सहित विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।
शिविर का शुभारंभ समिति अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष राकेश सिंह भदौरिया, संयोजक उपमेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य राकेश सिंह राना, बुढ़ेंद्र बहादुर सिंह, डॉ. मनीष सिंह चौहान, डॉ. बृजेश सिंह, डॉ. डी.आर. मौर्य, पदमधर सिंह, राजन सिंह, गौरव अवस्थी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा विनय द्विवेदी, त्रिलोकी सिंह, छत्रपाल यादव, अरविंद सिंह, आलोक सिंह, सुरेंद्र यादव, सुभाष यादव, परमेंद्र पाल सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य राघवेंद्र सिंह गुलाटी, अजीत सिंह, आशुतोष सिंह, आरबी सिंह, डॉ. रवि सिंह, समाजसेवी महेंद्र गुप्ता सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने आयोजन में सहभागिता की।
स्वास्थ्य मेले की सफलता पर आयोजकों ने चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि राणा बेनी माधव सिंह ने जिस तरह अपना जीवन देश और समाज के लिए समर्पित किया था, उसी सेवा भावना को शंकरपुर की धरती पर आगे बढ़ाने का यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी है।
Janadhikar Media – janadhikarmedia.com Online News Portal






