नेशनल हाईवे किनारे शराब पार्टियों से परेशान ग्रामीण, पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
जगतपुर, रायबरेली।
नेशनल हाईवे एवं साइड लेन पर जिंगना से लेकर जोगमगदीपुर तक सड़क किनारे शराब पार्टियों का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शाम ढलते ही कई स्थानों पर कुछ युवक अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर खुलेआम शराब पीते हैं और देर रात तक जमावड़ा लगाए रहते हैं। इस दौरान तेज आवाज में बातचीत, हुड़दंग और विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे किनारे इस तरह की गतिविधियों से राहगीरों, महिलाओं और आसपास रहने वाले लोगों में असुरक्षा का माहौल बना रहता है। शराब के नशे में छोटी-छोटी बातों पर होने वाले विवाद कई बार मारपीट और गंभीर घटनाओं का रूप ले लेते हैं। लोगों का आरोप है कि नशे की हालत में कुछ युवक पुरानी रंजिशों को भी हवा देते हैं, जिससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि हाईवे और साइड लेन पर वाहनों को खड़ा कर शराब पीना अब कई युवकों की आदत बनती जा रही है। लोगों ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने जगतपुर कोतवाली प्रभारी वागीश कुमार से मांग की है कि हाईवे क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों, सड़क पर जमावड़ा लगाने वालों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों को उम्मीद है कि पुलिस की सक्रियता से इस समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा और क्षेत्र में सुरक्षित माहौल कायम रहेगा।
Janadhikar Media – janadhikarmedia.com Online News Portal






