एम्स रायबरेली में बड़ी सर्जिकल सफलता, 46 वर्षीय महिला के शरीर से निकाला 7.5 किलो का गर्भाशय ट्यूमर
रायबरेली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायबरेली के चिकित्सकों ने जटिल सर्जरी कर 46 वर्षीय महिला के शरीर से 7.5 किलोग्राम वजनी विशाल गर्भाशय ट्यूमर सफलतापूर्वक निकालकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। करीब 30×30×20 सेंटीमीटर आकार का यह ट्यूमर मरीज के पेट के अधिकांश हिस्से में फैल चुका था, जिससे लगातार पेट में सूजन बढ़ रही थी।
यह बहु-विभागीय सर्जरी प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पारुल सिन्हा तथा एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अपाला प्रियदर्शिनी के नेतृत्व में संपन्न हुई। अम्बिलिकल हर्निया के उपचार के लिए जनरल सर्जरी विभाग के डॉ. शिरीष ने सहयोग किया, जबकि एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. कालीचरण दास ने एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी निभाई।
तीन घंटे से अधिक समय तक चले ऑपरेशन में ट्यूमर और उससे जुड़ी अन्य विकृतियों को सफलतापूर्वक हटाया गया। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति सामान्य रही और स्वस्थ होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की विभागाध्यक्ष ने कहा कि इस जटिल मामले की सफलता संस्थान की आधुनिक, साक्ष्य-आधारित और बहु-विभागीय चिकित्सा व्यवस्था का प्रमाण है। विभाग ने कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन के नेतृत्व एवं सहयोग तथा अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव के प्रशासनिक मार्गदर्शन के लिए आभार भी व्यक्त किया।
Janadhikar Media – janadhikarmedia.com Online News Portal






