नौचन्दी एक्सप्रेस से गिरकर युवक गंभीर घायल, बायां हाथ व दाहिने पैर का पंजा कटा

जगतपुर , रायबरेली। लक्ष्मणपुर स्टेशन के पास गुरुवार रात लगभग 8:30 बजे नौचन्दी एक्सप्रेस से गिरने के बाद एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसका बायां हाथ और दाहिने पैर का पंजा कट गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जगतपुर में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार घायल ने पूछताछ में अपना नाम रोहित बेलदार पुत्र हरिश्चन्द्र बेलदार निवासी वार्ड संख्या 7, बॉर्डर रोड, श्रीराम आयरन स्टोर के पास, चाक घाट, चकटेढ़, जिला रीवा (मध्य प्रदेश) बताया। उसके साथ उसके मौसा मनीष कुमार पुत्र गुलाब प्रसाद निवासी मौली पेयरी कुरान, मेजा, प्रयागराज तथा एक अन्य साथी अमर सिंह पुत्र अनोखे लाल भी मौजूद थे।
साथियों ने बताया कि तीनों लोग रोजगार के सिलसिले में गुजरात जा रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मणपुर स्टेशन के पास रोहित बेलदार ट्रेन से गिर गया और ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने घटना की जानकारी घायल के परिजनों को दे दी है। प्राथमिक उपचार के लिए घायल को सीएचसी जगतपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी कर ली है। इस संबंध में अन्य कोई महत्वपूर्ण तथ्य प्रकाश में नहीं आया है।
Janadhikar Media – janadhikarmedia.com Online News Portal






