अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राना बेनी माधव सिंह स्मारक इंटर कॉलेज में हुआ भव्य योगाभ्यास

योग, व्यायाम और नशामुक्ति का दिया संदेश, सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली
जगतपुर, रायबरेली। राना बेनी माधव सिंह स्मारक इंटर कॉलेज, शंकरपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योगाभ्यास एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन का आधार बताया तथा नियमित योग करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास से हुआ। व्यायाम शिक्षक संतोष कुमार सिंह ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं व्यायाम का अभ्यास कराते हुए उनके शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। योगाभ्यास को सफल बनाने में सर्वेश सिंह एवं अमिताभ द्विवेदी ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर विभूत नारायण पांडेय ने कहा कि योग हमें निरोग, स्वस्थ एवं ऊर्जावान जीवन जीने की प्रेरणा देता है। नियमित योग से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा मन और शरीर दोनों संतुलित रहते हैं। कालेज के प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट सत्येंद्र कुमार ने भी कहा कि योग और व्यायाम प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही सफलता का मूल आधार हैं।
विद्यालय के प्रबंधक हरिचन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि यदि हमें दवाइयों पर निर्भर हुए बिना स्वस्थ जीवन जीना है तो नियमित योग सबसे सरल, सुलभ और प्रभावी उपाय है। वहीं अमिताभ द्विवेदी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे प्रतिदिन योग और व्यायाम करते हैं, जिससे शरीर चुस्त-दुरुस्त एवं मन प्रसन्न रहता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं नागरिकों से नियमित योग अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने “नशा छोड़ो, योग जोड़ो”, “स्वस्थ भारत का यही आधार, योग बने जीवन का संस्कार”, “योग अपनाएं, रोग भगाएं” जैसे आकर्षक स्लोगन लिखे रंग-बिरंगे पोस्टर हाथों में लेकर कतारबद्ध होकर जागरूकता संदेश दिया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के साथ इस अभियान में सहभागिता निभाते हुए योग, व्यायाम और नशामुक्त समाज के प्रति लोगों को प्रेरित किया। विद्यालय परिसर से निकली जागरूकता रैली ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को भी दोहराया गया कि “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है।” वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा गया कि “योग स्वस्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है तथा प्रत्येक नागरिक को इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।”
कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों ने योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से नियमित योग, व्यायाम एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। पूरे विद्यालय परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन, सकारात्मक ऊर्जा एवं राष्ट्रहित के प्रति जागरूकता का वातावरण देखने को मिला।
Janadhikar Media – janadhikarmedia.com Online News Portal






