कल्पनाथ राय मेडिकल साइंस में ‘जन सेवा अभियान’ का भव्य शुभारंभ, पहले ही दिन उमड़े 1837 मरीज
12 दिनों तक चलने वाले इस शिविर में परामर्श, जांच, दवा और ऑपरेशन की मिलेगी पूर्णतः निःशुल्क सुविधा: डॉ. मनीष राय—
कसारा (मऊ): स्थानीय कसारा स्थित कल्पनाथ राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में आज विशाल ‘जन सेवा अभियान’ का विधिवत शुभारंभ हुआ, जो आगामी 30 मई तक निरंतर जारी रहेगा। अभियान के पहले ही दिन अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां क्षेत्र के कुल 1837 जरूरतमंद मरीजों ने पंजीकरण कराकर विशेषज्ञ डॉक्टरों से उचित परामर्श लिया। इस शिविर के दौरान अस्पताल के सभी विभागों में मरीजों का समानुपातिक वितरण रहा, जिसके तहत जनरल मेडिसिन विभाग में सर्वाधिक 428 मरीजों ने डॉक्टर को दिखाया। इसके साथ ही ऑर्थोपेडिक विभाग में 314, साइकियाट्री में 258, जनरल सर्जरी में 219, चेस्ट एंड टीबी विभाग में 157, बाल रोग में 140, गाइनेकोलॉजी में 108, नेत्ररोग में 101, इएनटी में 73, डेंटल में 24 तथा स्किन विभाग में 15 मरीजों ने अपना पंजीकरण कराकर स्वास्थ्य लाभ लिया। जांच और परामर्श के बाद गंभीर तथा इमरजेंसी स्थिति में आए 112 मरीजों को तुरंत अस्पताल में भर्ती किया गया, जिनमें से विभिन्न जटिल बीमारियों से ग्रसित 67 मरीजों को निशुल्क ऑपरेशन के लिए चिन्हित कर वार्डों में शिफ्ट किया गया है। इस बेहद संवेदनशील और जन-हितैषी मौके पर संस्थान के चेयरमैन डॉ. मनीष राय ने बताया कि यह जन सेवा अभियान अगले बारह दिनों तक पूरी तन्मयता से चलता रहेगा। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि हमारा एकमात्र प्रयास है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक जरूरतमंद मरीज को पूरी तरह से लाभ मिले और आर्थिक तंगी के कारण कोई भी इलाज से वंचित न रहने पाए। डॉ. राय ने संस्थान की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए विशेष रूप से स्पष्ट किया कि इस अभियान के अंतर्गत परामर्श के बाद भर्ती होने वाले सभी मरीजों का संपूर्ण इलाज पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, चाहे वह महंगी दवाएं हों, पैथोलॉजी व रेडियोलॉजी जांचें हों या फिर बड़े से बड़ा ऑपरेशन होना हो, इसका पूरा खर्च संस्थान स्वयं वहन करेगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि दूर-दराज से आने वाले अत्यंत गंभीर रोगियों के लिए अस्पताल के वेंटिलेटर, आईसीयू और विशेषज्ञों की टीम चौबीसों घंटे पूरी मुस्तैदी से सेवा में तैनात रहेगी। चेयरमैन डॉ. मनीष राय ने मऊ और आसपास के समस्त ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर अस्पताल पहुंचकर इस 12 दिवसीय विशेष निःशुल्क चिकित्सा शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। आज कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर अस्पताल के सभी वरिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने मरीजों की सुलभ व्यवस्था सुनिश्चित की।
Report by Jitendra Rajkumar Yadav
Janadhikar Media – janadhikarmedia.com Online News Portal






