पयागीपुर ग्राम पंचायत में भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ विशाल ब्रह्मभोज

दो दिवसीय अनुष्ठान में उमड़े हजारों श्रद्धालुओं ने छका प्रसाद
क्रॉसर: मातृभूमि सेवा मिशन संस्थापक डॉ. प्रकाश मिश्र का ग्रामीणों ने किया आत्मीय स्वागत
पयागीपुर–कैथौला रानीगंज, प्रतापगढ़। ग्राम पंचायत पयागीपुर (कैथौला–रानीगंज) में बीते दो दिनों तक आध्यात्मिकता, भक्ति–भाव और सामाजिक सौहार्द का अद्वितीय वातावरण साकार हुआ, जब श्रीरामचरितमानस पाठ, गोवर्धन पूजा और विशाल ब्रह्मभोज का भव्य आयोजन श्रद्धा और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। आयोजन के प्रथम दिवस भगवान जगन्नाथ स्वामी के दर्शन, श्रीमद्भागवत कथा के श्रवण–स्मरण तथा मानस पाठ के शुभारंभ के साथ गांव का वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो उठा। कथा–वाचक सौरभ तिवारी ने अपने मधुर भजनों, सत्संग और गूढ़ आध्यात्मिक प्रवचनों से ऐसा दिव्य भाव निर्मित किया कि पूरा क्षेत्र भक्ति–धारा से आलोकित हो गया। शनिवार को पूर्णाहुति के साथ आध्यात्मिक अनुष्ठान का समापन हुआ, जिसके पश्चात आयोजित विशाल ब्रह्मभोज में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य अर्जित किया। ग्रामीणों से लेकर दूर-दराज से आए भक्तजन तक, सभी ने भक्ति–भाव से ओतप्रोत प्रसाद का आनंद लिया। आयोजक मंडल के अनुसार यह वार्षिक परंपरा केवल धार्मिक आयोजन भर नहीं, बल्कि गांव में एकता, सद्भाव, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों के पुनर्स्थापन का सशक्त माध्यम है।कार्यक्रम की गरिमा तब और बढ़ गई जब हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित मातृभूमि सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. प्रकाश मिश्र तथा लखनऊ इकाई के संयोजक विजय त्रिपाठी कैथोला पहुंचे। ग्रामीणों एवं आयोजकों ने दोनों अतिथियों का आत्मीय स्वागत–सम्मान किया। डॉ. मिश्र ने अपने प्रेरक उद्बोधन में सेवा–साधना, राष्ट्रीय मूल्यों, सामाजिक जागरूकता, आध्यात्मिक अनुशासन और मानव–धर्म के मूलभूत सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आध्यात्मिकता केवल व्यक्तिगत उत्थान का आधार नहीं बल्कि समग्र समाज के सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करती है। उनके उद्बोधन ने उपस्थित ग्रामीणों में नई ऊर्जा का संचार किया तथा मिशन की सेवा–भावना को लेकर गहन रुचि उत्पन्न की। स्वागत–सम्मान में रमेशचन्द्र तिवारी, विजय तिवारी, अजय तिवारी, रामशंकर तिवारी, सत्यनन्द तिवारी, आस्था तिवारी, पार्थवी तिवारी, राकेट त्रिपाठी, अवधनारायण तिवारी और शीतला प्रसाद तिवारी सहित श्रीमती अन्नपूर्णा त्रिपाठी एवं श्रीमती अर्चना त्रिपाठी ने माला व अंगवस्त्र अर्पित कर अतिथियों का सम्मान किया। इस दौरान मातृभूमि सेवा मिशन रायबरेली इकाई के संयोजक प्रदीप पांडेय ने भी आयोजक मंडल को भगवान श्रीराम का चित्र एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। साधना–मंगल के इस पावन आयोजन में समाजसेवी संरक्षक अवधेश सिंह, विजय सिंह बघेल, इकाई के मंडल अध्यक्ष भगवत प्रताप सिंह तथा सैकड़ों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और जीवन में आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।
Janadhikar Media – janadhikarmedia.com Online News Portal






