युवाओं की मेहनत और हुनर ने साबित किया कि प्रशिक्षण से बदलता है भविष्य : प्राचार्य योगेंद्र मिश्र

96 प्रशिक्षार्थियों को टीडीके कंपनी में मिला रोजगार, रायबरेली से आत्मनिर्भरता की ओर प्रस्थान
गेल इंडिया की पहल, कौशल विकास संस्थान रायबरेली बना तकनीकी प्रतिभा का केंद्र
रायबरेली। जनपद के युवाओं ने एक बार फिर अपने तकनीकी हुनर से औद्योगिक जगत में रायबरेली की पहचान मजबूत की है। कौशल विकास संस्थान रायबरेली से प्रशिक्षित कुल 96 युवाओं को हरियाणा के रेवाड़ी स्थित टीडीके कंपनी में रोजगार प्राप्त हुआ है। इन प्रशिक्षार्थियों में 26 युवा औद्योगिक बिजली तकनीशियन ट्रेड से हैं, जो 3 जुलाई को अपने प्रशिक्षक अंकित पांडे के नेतृत्व में रवाना हुए थे, वहीं औद्योगिक वेल्डर और पाइप फिटर ट्रेड के 70 युवा 1 जुलाई को प्रस्थान कर चुके हैं। संस्थान के प्राचार्य योगेंद्र मिश्र ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल प्लेसमेंट नहीं, बल्कि युवाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने बताया कि संस्थान युवाओं को तकनीकी दक्षता के साथ मानसिक, सामाजिक और नैतिक रूप से भी तैयार करता है, जिससे वे किसी भी औद्योगिक वातावरण में दक्षता से कार्य कर सकें।
रवाना होने से पूर्व रायबरेली रेलवे स्टेशन पर एक संक्षिप्त विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रशिक्षार्थियों को उनके नए जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर जिला कौशल विकास मिशन के समन्वयक विवेक कुमार तिवारी, सहायक सेवायोजन अधिकारी तनुजा यादव, स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद शाहबाज मुजफ्फर, सूचना प्रबंधन प्रणाली प्रबंधक राजीव कुमार सिंह सहित प्रशिक्षक अनिल कश्यप, प्रशांत मिश्रा, शशिनंदन तिवारी, ओमप्रकाश साहनी, कमलेश द्विवेदी आदि उपस्थित रहे।
कौशल विकास संस्थान रायबरेली, भारत सरकार की महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड के मार्गदर्शन में तेल और गैस कंपनियों की सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के अंतर्गत संचालित हो रहा है। संस्थान में मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजेश मणि त्रिपाठी तथा सचिव संजय वर्मा के नेतृत्व में प्रक्रिया उपकरण तकनीशियन, औद्योगिक वेल्डर, औद्योगिक बिजली तकनीशियन, पाइप फिटर एवं घरेलू सूचना प्रौद्योगिकी सहायक जैसे रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से प्रशिक्षित युवा देश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रहे हैं और राष्ट्र की उत्पादन क्षमता को भी मजबूती दे रहे हैं। आईटीआई लिमिटेड प्रांगण में स्थित यह संस्थान अब केवल प्रशिक्षण केंद्र नहीं रहा, बल्कि यह युवाओं के आत्मनिर्भर, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने की यात्रा का आधार बन चुका है। संस्था की यह उपलब्धि दर्शाती है कि जब सही प्रशिक्षण, समर्पित मार्गदर्शन और समय पर अवसर मिलते हैं, तब युवा केवल अपना नहीं, राष्ट्र का भविष्य भी उज्जवल बनाते हैं।
Janadhikar Media – janadhikarmedia.com Online News Portal






