पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई हत्या मामले में मऊ के पत्रकार आक्रोषित, राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत के तत्वावधान में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

पत्रकार संगठन, राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत मऊ की जिला कार्यकारिणी ने आज सीतापुर जिले के दैनिक जागरण के पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई हत्याकांड मामले में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। शनिवार को सीतापुर जनपद के महोली क्षेत्र के स्थानीय पत्रकार राघवेंद्र बाजपेई की बदमाशों ने उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी थी जब वे किसी जरूरी काम से महोली से सीतापुर आ रहे थे, मिली जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय वाजपेई को एक हफ्ते पहले भी जान से मारने की धमकी मिली थी, फिर भी प्रशासन ने कोई एहतियाती कदम नहीं उठाया था और हैरानी की बात तो यह है की हत्या के तीन दिन बाद भी आज तक प्रशासन ने इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की है। इस बात से देश भर के पत्रकारों में भारी गुस्सा है। इसी क्रम में आज मऊ के पत्रकार, राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए और और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। पत्रकार संगठन ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर पत्रकार ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की क्या गारंटी? साथ ही संगठन ने सरकार से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। पत्रकारों का कहना है कि प्रशासन हमेशा ऐसे मामलों में केवल बयानबाजी करता है, और अपराधी बच निकलते हैं। पत्रकारों ने साफ कहा है कि अगर जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया जाएगा। राघवेंद्र बाजपेई एक निर्भीक पत्रकार थे, जो बेबाकी से सच को सामने लाने का काम कर रहे थे। उनकी हत्या क्या एक सुनियोजित साजिश थी? प्रशासन इस सवाल से बच नहीं सकता! अब देखना यह है कि पुलिस कितनी तेजी से हत्यारों को पकड़ती है या फिर यह मामला भी बाकी मामलों की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है?
इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष श्री दीवानचंद्र गौतम, जिला प्रभारी श्री रामसूरत राजभर, समेत श्री कमलेश विश्वकर्मा, श्री विजय जायसवाल, श्री जयंत प्रताप सिंह, श्री आदर्श कुमार सिंह, श्री कैलाश चंद, श्री मनोज कुमार, श्री हरिकेश यादव, श्री अनुज कुमार, श्री कोमल, श्री धर्मेंद्र कुमार, श्री कमलेश कुमार पाल, कमलेश कुमार, श्री जितेंद्र कुमार यादव, श्री वशिष्ठ राजभर, श्री अमन कुमार राजभर, श्री राधाकृष्ण आदि अनेक पत्रकार मौजूद रहे।
हरिकेश यादव की रिपोर्ट
Janadhikar Media – janadhikarmedia.com Online News Portal






